Sai Raksha Kavach

 सदगुरु साई मुझे शक्ति दो, करुँ मैं तेरा ध्यान ।


विनती सुन लो, मुझ को दे दो चरणों में स्थान ॥…..(1)


अंतर्मन के सिंहासन पर बैठो दयानिधान ।


बीते कितने जनम व्यर्थ ही अब कर दो कल्याण ॥…..(2)


श्रद्धा-सबुरी ही हो मेरी भक्ति का आधार ।


ज्ञानरश्मि दो और मिटा दो अंतस का अंधियार ॥…..(3)


लक्ष्मी बनकर भर दो मेरा खाली घर-भण्डार ।


बनकर राम संयमित कर दो वाणी और व्यवहार ॥…..(4)


षडरिपुओं का शमन करो मेटो बाधा-व्यवधान ।


रोग-शोक को हर लो साई दो सुख का वरदान ॥…..(5)


शरण तुम्हारी आया हूँ कर दो जीवन आसान ।


कृपा करके पूरा कर दो मुक्ति का अरमान ॥…..(6)


तुम हो अंतर्यामी साई समझो मन के भाव ।


पूरा कर दो पूर्व कर्म का बाकी बचा हिसाब ॥…..(7)


भक्तों के वत्सल हो साई, मेटो सकल अभाव ।


चित्त शुद्ध कर दो, मुझको दो अपना परम स्वभाव ॥…..(8)


प्रेमपूर्णता, करुणामयता, निश्छलता दो साई ।


दयाभाव दो, क्षमाभाव दो, विनम्रता दो साई ॥…..(9)


बल-सम्बल दो, संतृप्ति दो, निर्भयता दो साई ।


सच्चाई, ईमान, मधुरता अरु समता दो साई ॥…..(10)


ज्योतिपुंज हो, ज्योतित कर दो अंतस का आकाश ।


हर लो सारी चिंता, हर पल दो अपना एहसास ॥…..(11)


सारे पूज्य स्वरुप तुम्हारे ही स्वरुप हैं साई ।


सिरजनहार सकल सृष्टि का एक तुम्हीं हो साई ॥…..(12)


शांति, परमसुख, शुभाशीष और कृपादृष्टि दो साई ।


साई कवच को उर्जा से भरपूर बना दो साई ॥…..(13)


गाये जो “श्री साई कवच” वो पाये तेरी सुरक्षा ।


कठिन समय में भी उसकी पूरी हो जाये इच्छा ॥…..(14)


धन–सन्तति–सम्मान–सुयश सब सहज प्राप्त हो साई ।


हर दिन सुखमय, सारा जीवन मंगलमय हो साई ॥…..(15)


श्रधा से तेरी महिमा जो भी दोहराये साई ।


उस पर दया दिखाना उसका दुख हर लेना साई ॥…..(16)


सच्ची राह दिखाना साई अनुप्रेरित भी करना ।


भूल क्षमा कर देना साई रहम नजर भी करना ॥…..(17)


हर पल तुमको याद करुँ और नमन करुँ मैं साई ।


भक्तिभाव से तव चरणों में करुँ समर्पण साई ॥…..(18)


                      ओम साईं राम 🙏||

Comments